जननेता रामानंद प्रसाद सिंह पंचतत्व में विलीन, उमड़ा जनसैलाब

0
118

जननेता रामानंद प्रसाद सिंह पंचतत्व में विलीन, उमड़ा जनसैलाब

  • अगुवानी गंगा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, बड़े पुत्र राजीव कुमार ने दी मुखाग्नि

खगड़िया: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और परबत्ता के लोकप्रिय जननेता रामानंद प्रसाद सिंह का सोमवार को नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया। अगुवानी गंगा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उन्हें विदाई दी गई, जहां प्रशासन ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उनके बड़े पुत्र और एमएलसी राजीव कुमार ने मुखाग्नि दी। इस दुखद घड़ी में हजारों की संख्या में उनके चाहने वाले, समर्थक और क्षेत्रवासी शामिल हुए।

पूर्व मंत्री की अंतिम यात्रा परबत्ता स्थित उनके आवास से शुरू हुई। पार्थिव शरीर को पहले उनके पैतृक गांव नयागांव सतखुट्टी ले जाया गया, जहां प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एक विशाल पैदल यात्रा शुरू हुई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। लगभग 12 किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान, सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोगों ने अपने प्रिय नेता पर पुष्प अर्पित किए। स्कूली बच्चों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भावुक नारे लगाए – “पूर्व मंत्री अमर रहें”।

अगुवानी गंगा घाट पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी डीडीसी अभिषेक पलासिया, गोगरी एसडीओ और बीडीओ शामिल थे,

अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। परबत्ता थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार, एसडीपीओ त्रिलोक कुमार मिश्र, एसडीओ सुनंदा कुमारी, एडीएम, गोगरी बीडीओ राजाराम पंडित, परबत्ता बीडीओ संतोष कुमार पंडित और सीओ मोना गुप्ता के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात था।

अपने भाई को खोने के गम में पूर्व मंत्री रामदेव सिंह फूट-फूटकर रोते रहे। पूरे परिवार पर शोक का गहरा साया पसरा हुआ था। अंतिम यात्रा में चार पहिया और दो पहिया वाहनों की लंबी कतार देखी गई, जो परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के लोगों के अपने नेता के प्रति अटूट स्नेह और सम्मान को दर्शाती है।

रविवार सुबह से ही रामानंद प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया था। परबत्ता स्थित निजी आवास, पैतृक गांव और अगुवानी घाट पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और आम लोगों ने पुष्प अर्पित कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान संगम बिहार दिल्ली के भाजपा विधायक चंदन कुमार चौधरी, खगड़िया के पूर्व विधायक रणवीर यादव, बिहपुर विधायक कुमार शैलेन्द्र, जदयू नेता निखिल मंडल, ई. सीपीआईएम नेता संजय कुशवाहा, बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल और विधायक पंकज मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

रामानंद प्रसाद सिंह का निधन क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे अपनी सादगी, जनसेवा और विकास कार्यों के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनकी अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने यह साबित कर दिया कि वे वास्तव में लोगों के दिलों में राज करते थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here