जिलाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विधि व्यवस्था एवं भूमि विवाद संबंधी मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें उप विकास आयुक्त संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, गोगरी अमन कुमार सुमन , अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया अमित अनुराग , भूमि सुधार उप समाहर्ता खगड़िया जनक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक खगड़िया से सुमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक गोगरी मनोज कुमार, राजस्व शाखा के प्रभारी पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता राज ऐश्वर्या सहित सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी सम्मिलित हुए। इस बैठक में विधि व्यवस्था एवं भूमि विवाद के विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब एवं स्पिरिट की बिक्री पर नजर बनाए रखने एवं इन पर समुचित कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। दवा विक्रेता स्पिरिट कहां से लाते है कहां इसका प्रयोग करते हैं, इसकी भी जांच करते हुए उचित कार्रवाई की जाए। इस पर सतत निगरानी रखी जाए। शराब के अवैध निर्माण एवं भंडारण पर भी नजर रखते हुए लगातार छापामारी कराने का निर्देश दिया गया।
इस समीक्षात्मक बैठक में ज्वलंत भूमि विवाद से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई एवं नियमानुकूल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। होली से पहले भूमि विवाद के संवेदनशील मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा 107 एवं 144 के मामलों की विशेष रुप से समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। भूमि विवाद से संबंधित सभी मामलों का स्वयं निरीक्षण करते हुए इनकी सतत निगरानी की जाए एवं नियमानुकूल निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि महीने में 2 दिन अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संयुक्त रूप से बैठकर थाना स्तर पर अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष के स्तर पर सुनवाई हेतु प्राप्त होने वाले भूमि विवाद के मामलों की समीक्षा करेंगे और साथ ही निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे। भूमि विवाद के मामलों का निष्पादन ससमय हो, गुणवत्तापूर्ण हो और मामलों को अनावश्यक लंबित ना रखा जाए, निष्पक्षतापूर्वक नियमों के अनुरूप कार्रवाई करनी है। सभी स्तरों पर भूमि विवाद के मामलों के तीव्र निष्पादन पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा बल दिया गया।
