खगड़िया:जिलाधिकारी अमित कुमार पांडेय ने चौथम प्रखंड में संभावित बाढ़ एवं आपदा की तैयारियों की समीक्षात्मक बैठक की एवं आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कटाव निरोधक कार्यों का अवलोकन किया, मलपा में तटबंध का निरीक्षण करते हुए कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल 2 से बाढ़ के संबंध में जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की एवं बताया कि अपर समाहर्ता को खगड़िया अनुमंडल का संपूर्ण प्रभार बाढ़ राहत कार्यों की तैयारी एवं संचालन के लिए दिया गया है।
जिलाधिकारी ने 1 सप्ताह के अंदर बाढ़ राहत कार्य हेतु पंचायतवार कर्मियों की संयुक्त प्रतिनियुक्ति आदेश निकालने के संबंध में निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी अपने संयुक्त हस्ताक्षर से कर्मियों एवं राजस्व कर्मचारियों का प्रतिनियुक्ति आदेश निकालेंगे और बाढ़ राहत कार्यों हेतु सबकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने बाढ़ के दौरान उच्च शरण स्थली पर शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को दिया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल 2 से भी तटबंधों के मरम्मति एवं आवश्यक कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने बाढ़ की तैयारी के संबंध में पूरी व्यवस्था को सक्रिय करने, पंचायत प्रतिनिधियों को बाढ़ राहत कार्यों हेतु प्रशिक्षित करने का निर्देश देते हुए राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ आपदा कार्य के दौरान इनकी मुख्य जिम्मेदारी होती है और इन्हें सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। जिलाधिकारी को अंचल अधिकारी ने बताया कि चौथम में पूर्ण रूप से 4 पंचायत एवं आंशिक रूप से 2 पंचायत बाढ़ से प्रभावित होते हैं। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को चौथम में आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करने एवं कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाढ़ राहत एवं आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी मानक संचालन प्रक्रिया के हिसाब से करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मलपा में बागमती नदी के किनारे स्थित तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बागमती नदी के किनारे तटबंध की स्थिति, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल 2 द्वारा कराए जा रहे कटाव निरोधक कार्य का निरीक्षण किया।उन्होंने शेष बचे कार्य को ससमय पूरा कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने इन स्थानों पर कटाव निरोधी कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बाढ़ के दौरान रेन कट की सतत निगरानी और मरम्मति का निर्देश भी दिया।
जिलाधिकारी ने तटबंध के प्रमुख स्थलों पर जिओ बैग के भंडारण का भी निर्देश दिया, ताकि आकस्मिक स्थिति में इसका उपयोग किया जा सके। यह काम उन्होंने जून के प्रथम सप्ताह तक कर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने तटबंधों पर ससमय चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति करने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बैठक में विलंब से पहुंचे पदाधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि भविष्य में ससमय बैठक में उपस्थित रहना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने चौथम अंचल में अभिलेखागार का भी निरीक्षण करते हुए अभिलेखों एवं दस्तावेजों के सही रखरखाव का निर्देश देते हुए बताया कि आने वाले समय में अभिलेखागार ऑनलाइन हो जाने से जनता को सहूलियत होगी। जिलाधिकारी ने वर्षामापी यंत्र एवं स्वचालित मौसम केंद्र का भी निरीक्षण किया एवं इनके कार्यरत रहने पर संतोष जताया।
जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मो० राशिद आलम, अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया अमित अनुराग, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल 2 के कार्यपालक अभियंता गणेश प्रसाद सिंह, अंचलाधिकारी प्रज्ञा नयनम, प्रखंड विकास पदाधिकारी उषा कुमारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं स्थानीय जनता उपस्थित थी।