नवगछिया वीभत्स कांड: राजद ने बिहार सरकार पर साधा निशाना, कहा- “जंगलराज नहीं, महारक्षस राज है”

0
630

नवगछिया वीभत्स कांड: राजद ने बिहार सरकार पर साधा निशाना, कहा- “जंगलराज नहीं, महारक्षस राज है”

खगड़िया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और प्रदेश प्रवक्ता अरुण यादव ने मंगलवार देर शाम खगड़िया के परिसदन में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नौगछिया में हुई एक अतिपिछड़ा वर्ग की महिला के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधी बेलगाम हो गए हैं और उन्हें सत्ता व पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

अपराधी को सत्ता और पुलिस का संरक्षण”: मंगनीलाल मंडल

राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने बताया कि राजद की एक टीम नौगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र के अम्भू गाँव से लौट रही है, जहाँ एक अतिपिछड़ा वर्ग की महिला के साथ जघन्य अपराध हुआ है। उन्होंने कहा कि महिला की पहले बलात्कार कर क्रूरता से हत्या की गई और फिर तेजाब छिड़क दिया गया। मंडल ने आरोप लगाया कि अपराधी एक खास वर्ग के हैं जिन्हें सत्ता और पुलिस दोनों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि घटना के दो-तीन दिन बाद 17 जून को गुमशुदगी का एफआईआर दर्ज किया गया और 18 जून को महिला का शव बरामद हुआ। मंडल ने पुलिस पर अपराधियों के साथ मिलकर मामले को भटकाने का आरोप लगाया और कहा कि अभी तक महिला का शव उसके परिजनों को नहीं सौंपा गया है।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और इस गाँव में सामंतवाद का खेल चल रहा है, जहाँ पिछड़ों, दलितों और कमजोरों के साथ निर्ममता का खेल लंबे समय से चल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल को “काला अध्याय” बताते हुए कहा कि इस सरकार में गरीबों की कोई सुनने वाला नहीं है। मंडल ने यह भी आरोप लगाया कि अपराधी पुलिस का भी एनकाउंटर कर रहे हैं और सरकार पूरी तरह से अचेत अवस्था में है। उन्होंने कहा कि राजद नौगछिया के इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए एक बढ़िया समाजवादी वकील की व्यवस्था करेगा और स्थानीय कार्यकर्ता मदद के लिए खड़े रहेंगे। इस घटना की जानकारी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को भी दी जाएगी।

सुशासन नहीं, महारक्षस राज”: कांति सिंह

पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह ने नौगछिया की घटना को जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि जिस जाति के लोगों के साथ यह घटना हुई है, वे अतिपिछड़ा और कमजोर वर्ग के हैं और बोलने से भी कतराते हैं। उन्होंने भी आरोप लगाया कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। सिंह ने कहा कि राजद नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें न्याय दिलाने का विश्वास दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह “सुशासन की सरकार नहीं, महारक्षस राज” चल रहा है। सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 2005 से पहले के शासनकाल की बात करने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज बिहार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और प्रतिदिन बलात्कार, छीनतई और हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने पटना की सड़कों पर दिन दहाड़े हो रही गोलीबारी और हत्याओं का भी जिक्र किया और कहा कि खगड़िया के पसराहा में भी माँ-बेटे की हत्या कर दी गई। सिंह ने “डबल इंजन की सरकार” पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे सत्ता नहीं संभल रही है। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर के नारे “सिंहासन खाली करो कि जनता की सरकार आ रही है” का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार जनता की सरकार आ रही है और तेजस्वी प्रसाद यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

“बीजेपी मतलब बड़ा झूठा पार्टी”: उदय नारायण चौधरी

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “बीजेपी मतलब ही है बड़का झूठा पार्टी।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सिवान में यह झूठ बोलने का आरोप लगाया कि बिहार में रेल इंजन कारखाना से रेल इंजन बनकर पूरे भारत में जा रहे हैं और यह सब उन्होंने करवाया है। चौधरी ने याद दिलाया कि बिहार में विद्युत रेल इंजन कारखाना लालू प्रसाद यादव ने लगवाया था। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला मीडिया प्रभारी रणवीर कुमार, जिला प्रवक्ता अजीत सरकार, चंद्रशेखर कुमार, पंचायतीराज प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध यादव, युवा जिलाध्यक्ष उदय यादव, राजद नेता राजकिशोर राज सहित दर्जनों राजद नेता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here