*पसराहा में यथा स्थान मॉडल थाना भवन निर्माण को लेकर किया जेल भरो आंदोलन*
200 लोगों ने दी मजिस्ट्रेट को गिरफ्तारी की सूची, तुरंत बाद रिहा*
*कितनी लंबी जेल तुम्हारी देखा है जी देखेंगे – किरण देव यादव*
*दम है कितना दमन में तेरे देखा है जी देखेंगे – नागेंद्र त्यागी*
*जब तक जेल में चना रहेगा आना जाना लगा रहेगा – श्रीकांत सिंह*
*अभी तो यह अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है – सच्चिदानंद*
*लड़ेंगे जीतेंगे, लड़े हैं जीते हैं – राजेंद्र सिंह*
*खगड़िया*। पसराहा मॉडल थाना भवन निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले चरणबद्ध आंदोलन के तहत यथा स्थान मॉडल थाना भवन निर्माण करने के सवाल को लेकर जेल भरो आंदोलन का आगाज डीएम कार्यालय के समक्ष किया गया। जिसका नेतृत्व पंच सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष किरण देव यादव, समिति के सचिव सच्चिदानंद सिंह, संरक्षक राजेंद्र सिंह, संयोजक सच्चिदानंद यादव, युवा शक्ति के अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी, देवानंद सिंह एवं श्रीकांत सिंह, रणवीर यादव ने संयुक्त रूप से किया।
प्रदर्शनकारियों ने जेल भरो आंदोलन के दौरान ” कितनी लंबी जेल तुम्हारी देखा है जी देखेंगे, दम है कितना दमन में तेरे देखा है जी देखेंगे, जब तक जेल में चना रहेगा आना जाना लगा रहेगा, थाना स्थानांतरण करने के विरोध में हमारी गिरफ्तारी लेनी होगी, अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है, लड़ेंगे जीतेंगे, लड़े हैं जीते हैं ” गगनभेदी नारों को बुलंद किया गया।
इससे पूर्व धरना प्रदर्शन सभा किया गया जिसकी अध्यक्षता राजेंद्र सिंह एवं मंच संचालन सच्चिदानंद सिंह ने किया।
सभा को देश बचाओ अभियान के संस्थापक अध्यक्ष किरण देव यादव, सच्चिदानंद यादव, रेलवे उपभोक्ता फोरम के संयोजक सुभाष जोशी, महिला विकास सेवा संस्थान के संरक्षक मधुबाला, अंशु भारती, रणधीर कुमार, सरपंच रीना देवी, रणवीर यादव, राजेश चौरसिया देवानंद सिंह श्रीकांत सिंह आदि ने कहा कि जब तक मॉडल थाना का निर्माण यथा स्थान नहीं किया जाएगा आंदोलन जारी रहेगा।
समाजसेवी किरण देव यादव ने कहा कि प्रशासन एवं सरकार उग्र आंदोलन करने को जनता को विवश ना करें। आम जनता की सहनशीलता का इम्तिहान नहीं ले, अन्यथा उग्र आंदोलन का जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि खगड़िया शहीद प्रभु नारायण जी की धरती है, पसराहा क्रांतिकारियों की धरती है यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो आम जनता शहादत देने के लिए तैयार है।
श्रीकांत सिंह ने कहा कि शासन-प्रशासन सहानुभूति पूर्वक जनहित में विचार करें पुनः स्थलीय जांच करें, स्वच्छ पारदर्शी और सच्ची रिपोर्ट सरकार को भेजें तथा मॉडल थाना का निर्माण यथा स्थान पर करने का पहल करें अन्यथा आगामी आंदोलन आर पार की लड़ाई की शुरुआत होगी।
सच्चिदानंद यादव ने कहा कि अभी तक गांधीगिरी तरीके से जनतांत्रिक तरीके से प्रथम चरण का आंदोलन सफल हुआ है द्वितीय चरण का उग्र आंदोलन करने को मजबूर नहीं करें।
सच्चिदानंद सिंह ने प्रशासन की संवेदनहीनता मनमानी तानाशाही सौतेला व्यवहार की कड़ी निंदा किया।
अंत में प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री के नाम स्मार पत्र एवं गिरफ्तारी की सूची सौंपी गई। 200 लोगों ने गिरफ्तारी दी, तुरंत बाद रिहा की गई ।