पासवान परिवार में संपत्ति विवाद गहराया: चिराग ने चाचा पारस को बेनामी संपत्ति का खुलासा करने की चेतावनी दी
जन वार्ता टाईम्स/खगड़िया: बीते दिन खगड़िया में अपनी बड़ी मां से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पारिवारिक संपत्ति विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने अपने चाचा पशुपति पारस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लालच में पहले उन्हें और उनकी मां को दिल्ली के घर से निकाला गया और अब उनकी बड़ी मां को बेघर करने की कोशिश हो रही है। भावुक चिराग ने कहा कि अपने पिता की मृत्यु के बाद दोनों माताओं की जिम्मेदारी उनकी है और वह इसे निभाएंगे। बंटवारे को लेकर चिराग ने चाचा पारस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह बंटवारा चाहते हैं तो उन्हें अपनी छिपाई हुई बेनामी संपत्तियों का भी खुलासा करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंटवारे की पहल चाचा पारस को करनी होगी और उन्हें बताना होगा कि वह किस तरह का बंटवारा चाहते हैं। अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी से मिलकर भावुक हुए चिराग ने उन्हें गले लगाया और उनकी सेहत का हालचाल जाना। राजकुमारी देवी ने भी कहा कि वह चिराग का ही इंतजार कर रही थीं।