मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को फ्लाईओवर पर गोली मारी, भूमि विवाद में खूनी खेल की आशंका।
बुधवार की सुबह खगड़िया में उस समय दहशत फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक को बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। घटना चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर ब्रिज पर हुई। भूमि विवाद में फायरिंग की आशंका
घायल युवक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है, जिन्हें गोली लगने के बाद तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीरज कुमार रोजाना की तरह सुबह की सैर पर निकले थे। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस हमले से नीरज वहीं गिर पड़े।
घटना की पुष्टि करते हुए चित्रगुप्त नगर थाना प्रभारी अमित कुमार कांत ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।