जिलाधिकारी द्वारा जल शक्ति अभियान के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया गया, जल संरक्षण के साथ अमृत सरोवरों के प्रगति कार्य की समीक्षा की गई, खगड़िया में 21 अमृत सरोवरों में से 13 का निर्माण पूर्ण, जिलाधिकारी ने कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा करते हुए शेष का निर्माण पूर्ण करने का दिया निर्देश।
दिनांक 25.02.23 को जिलाधिकारी डॉ आलोक रंजन घोष ने जल शक्ति अभियान के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया। यह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग राष्ट्रीय जल मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित था। बिहार राज्य के मुख्य सचिव द्वारा भी इस समीक्षात्मक बैठक में भाग लिया गया।समीक्षात्मक बैठक में जल शक्ति अभियान के साथ मिशन अमृत सरोवर के प्रगति की समीक्षा की गई।
इस समीक्षात्मक बैठक में अमृत सरोवरों के निर्माण के लक्ष्य के विरुद्ध पूर्णता की स्थिति, अमृत सरोवरों के उपयोगकर्ता समूहों के गठन, पंचायत प्रतिनिधियों एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों के नियुक्ति, रॉयल्टी एवं अन्य चार्जों के हटाए जाने के संबंध में विशेष रूप से समीक्षा की गई।
जल शक्ति अभियान के अंतर्गत किसानों एवं स्थानीय उपयोगकर्ताओं को जल संरक्षण के लिए शिक्षित किया जा रहा है, उन्हें बिना जल बर्बाद किये होने वाली आधुनिक सिंचाई तकनीक से भी अवगत कराया जा रहा है। पूरी तरह जलाशयों पर निर्भर रहने के स्थान पर उन्हें वर्ष भर के लिए जल का संरक्षण करने और उसका सिंचाई में अधिकाधिक उपयोग करने की तकनीक भी सिखाई जा रही है।
विदित हो कि जल शक्ति मिशन को जल संसाधन विकास और प्रबंधन के माध्यम से पानी के संरक्षण, अपव्यय को कम करने और राज्यों के भीतर अधिक समान वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरु किया गया था।
जिलाधिकारी ने खगड़िया जिले में भी जल शक्ति मिशन के तहत जल संरक्षण और हर खेत में पानी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मनरेगा के तहत इससे संबंधित योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपरांत अमृत सरोवरों के प्रकृति कार्य की समीक्षा की एवं निर्धारित समयावधि में कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिले में विभिन्न प्रखंडों में 21 अमृत सरोवरों के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है जिनमें से 13 का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने शेष अमृत सरोवरों को भी निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया।
